उस दिन ऑफिस से घर जाने में थोड़ी देर हो गयी। इतनी देर से बस तो मिलती नहीं तो मैंने ऑटो से जाना ही बेहतर समझा। उस दिन ऑफिस में काम ज्यादा होने की वजह से मैं थक गयी थी। ऑटो में बैठते ही मुझे नींद लग गयी। मुझे नहीं पता कितनी देर बाद लेकिन अचानक ही मुझे दर्द महसूस हुआ और मेरी नींद टूट गयी। मेरे सामने उस ऑटोवाले का चेहरा था और वो मेरे बेहद करीब था। इससे पहले की मैं कुछ समझ पाती या कुछ कर पाती मेरे साथ बहुत कुछ हो चुका था। वो दरिंदा मुझे वहीं छोड़कर चला गया। मैं जैसे-तैसे घर पहुंची और घंटों अपने कमरे में रोती रही। मैंने ये बात आजतक किसी को नहीं बताई।
मान लीजिये ये मेरी कहानी है, और आज मेरे घरवाले, मेरे दोस्त, मेरे परिवार वाले और ये पूरा समाज अगर इस कहानी को पढ़ते हैं तो क्या अब भी मैं उनके लिए उतनी ही प्यारी, उतनी ही समझदार, उतनी ही अच्छी रहूँगी? उससे भी बड़ा सवाल क्या वो अब भी मुझे उतना ही सम्मान दे पाएंगे? आज तक मुझमें इस बात को कहने की हिम्मत नहीं हुई। पर क्या अब आप सब मुझे इस सच के साथ अपनाने की हिम्मत दिखा पाएंगे?
वैसे गलती तो मेरी ही थी न। मुझे इतनी रात में अकेले नहीं आना चाहिए था। मुझे स्लीवलेस टॉप और टाइट जीन्स नहीं पहननी चाहिए और भी बहुत कुछ।
मैं आज ये बात क्यों रही हूँ ? यह भी एक बड़ा सवाल है। कल 16 दिसम्बर था। हाँ वही दिन जब 16 दिसम्बर 2012 को 6 दरिंदों ने मिलकर एक मासूम सी लड़की की इज़्ज़त को तार-तार कर दिया था। लेकिन वो निर्भया आख़िरी सांस तक लड़ी और उसी ने मुझे ये हिम्मत दी है।
लेकिन सबसे दुःख की बात तो यह है कि 4 साल पहले जिस निर्भया के साथ पूरा देश खड़ा था आज वहाँ सिर्फ उसके माता-पिता हैं और ऐसी घटनाये अब भी रुकी नही हैं। ऐसी बहुत सी महिलाएं और लड़किया हैं जो आज भी इससे गुजर रही हैं। आइये जानते हैं ऐसी ही कुछ घटनाओं के बारे में।
एक 8 साल की बच्ची जिसके साथ हुआ यह अत्याचार

मेरे एक परिचित ने ही मेरे साथ ये किया। मुझे बहुत दर्द हुआ। लेकिन मैं अपने परिवार से कुछ कह नहीं पायी।
एक किशोरी जिसकी इज़्ज़त पर हुआ वार

मेरा दोस्तों ने मेरा फायदा उठाया। लेकिन स्कूल वालों ने मुझे स्कूल से निकालकर उन्हें वहां क्यों रखा हैं?
कॉलेज की एक लड़की के साथ हुआ दुष्कर्म

मैंने कभी नहीं सोचा था मेरे इतने करीबी दोस्त ने मुझ पर गन्दी नज़र रखी है। जल्द ही उसकी शादी होने वाली हैं और मैं आज भी उस दर्द को दिल में दफ़न किये हूँ।
एक ऑफिस वर्कर की इज़्ज़त पर डाला दरिंदों ने हाथ

मैं ऑफिस से घर जा रही थी और कुछ लोगों ने मुझपर हमला कर दिया। अगले दिन ऑफिस से मुझे फीस की टेबल पर टर्मिनेशन लेटर मिला।
एक शादीशुदा औरत हुई इसकी शिकार

मैं ऑटो में जा रही थी और वो मुझे सुनसान जगह पर ले गया। अगले दिन मैं अपने ससुराल से बाहर कर दी गयी।
एक माँ के आँचल पर भी लगाया दाग

कुछ आदमियों ने मुझे पीटा और मेरे साथ जबरदस्ती की। मेरे बच्चे अब मुझे माँ नहीं बुलाते।
क्या कोई है जो सुनेगा इन चीखों को?

ऐसा कोई फरिश्ता नहीं आने वाला है। हम सबको मिलकर एक-दूसरे का साथ निभाना होगा। अगर हम किसी और को नहीं तो कम से कम खुद को ही सुधार लें तो भी इस समाज बहुत बड़ा परिवर्तन आ जाएगा।

No comments:
Post a Comment