पहले ही बता दूँ कि फिल्मों की तरह यह पहली नजर का प्यार बिल्कुल नहीं था। अनु और विनय एक साथ एक ही स्कूल में पढ़ते थे।मगर इस दौरान आग क्या कोई चिंगारी भी नहीं भड़की। फिर 10वीं क्लास में विनय आगे की पढ़ाई के लिए कोटा चले गए और अभी तक एक ना हुए विनय और अनु जुदा हो गए।
मानों या ना मानों पर ये फेसबुक, व्हाट्सएप और स्काइप ही है जिन्होनें लाखों प्यार के पंछियों की नैया पार लगाई है। विनय और अनु की कहानी को भी फेसबुक ने ही पर दिए। विनय चेन्नई के कॉलेज में पढ़ रहा था और अनु दिल्ली पहुंच गई थी। फेसबुक ने इन दोनों के बीच की दूरियां मिटाई और एक नई कहानी शुरू कर दी।
अनु और विनय को एक-दूसरे से बातें करना बड़ा रास आ रहा था। फेसबुक के बाद ये कॉल पर भी बात करने लगे। मगर एक आम युवा की तरह उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि ये हो क्या रहा है? वो ना जज्बातों को समझ पा रहे थे और ना ही इसके लिए उनके पास कोई नाम था। विनय तो अपनी गर्लफ्रेंड से ज्यादा अनु के बारे में सोचने लगा था। फिर भी वो अपने दिल को समझ नहीं पा रहा था।
कुछ तो कहो तुम
धीरे-धीरे विनय को ये बातें कुछ-कुछ समझ आने लगी। वो अपनी मौजूदा गर्लफ्रेंड से अलग भी हो गया। विनय ने खुलकर तो नहीं, पर दबे-छुपे शब्दों में दिल का हाल बयां करना शुरू कर दिया। लेकिन अनु अब भी कुछ नहीं कहती थी। विनय को इस बात से चिढ़ होने लगी और उसने अनु से बात करना ही बंद कर दिया।
इस बार तो लड़की मान ही गई
अनु तो खैर अब भी झुकने वाली नहीं थी। विनय से रहा नहीं गया तो उसने खुद ही कुछ दिनों बाद अनु को कॉल कर लिया। एक बार फिर बातों का सिलसिला चल पड़ा। इस बार विनय ने और खुलकर अपनी बातें कही। धीरे-धीरे अनु ने भी अपने दिल की सुन ली और दोनों ने मान लिया कि 'हाँ हम प्यार में हैं।'
दिल्ली में हुई पहली मुलाकात
रिश्ते में आने के बाद की पहली मुलाकात बेहद खास होती है। जब वो शख्स आपके सामने आता है तो खुद-ब-खुद ही धड़कनें बढ़ जाती हैं। आप उनसे नजरें भी नहीं मिला पाते और वो 'ब्लश' मारना तो बस खत्म ही नहीं होता। विनय और अनु के साथ भी ऐसा ही हुआ। विनय, अनु से मिलने दिल्ली गया। अपनी इस मुलाकात को यादगार बनाने के लिए इन्होनें एक-दूसरे का हाथ थामे एक तस्वीर भी ली।
सपने भी हो गए एक
विनय का सपना एक बड़ा बिजनेसमैन बनना था। उसने फेसबुक पर कुछ पेजेस बनाकर इस दिशा में कदम बढ़ाया। अनु, विनय के पास तो नहीं थी, मगर वो दिल्ली में रहकर भी विनय के साथ इस सपने को पूरा करने के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रही थी।
फिर राहों में बिछ गए कांटे
कॉलेज खत्म होने पर विनय बिजनेस के लिए इंदौर आ गया और अनु अपने घर लौट गई। इसी बीच अनु के घरवालों को इनके रिश्ते के बारे में पता चल गया। अनु के लिए मुश्किलें बढ़ गई। उसे कमरे में कैद कर दिया गया। कोई नौकरी नहीं, कुछ नहीं और मोबाइल भी छीन लिया गया।अनु पर कई बार हाथ भी उठाया गया और उसे ज़िल्लते भी सहनी पड़ी। मगर दिल की आग इस जिल्लत की आंधी से बुझ नहीं पाई। अनु छुप-छुप कर विनय से लैपटॉप की मदद से स्काइप पर बात किया करती थी।
मिन्नतें कर अनु निकली घर से बाहर
घरवालों को समझाने के बाद अनु को पास ही के स्कूल में काम करने की इजाजत मिल गई। वो भी इसलिए क्योंकि वहां उसके कजिन्स भी पढ़ा करते थे। अनु स्कूल में समय निकालकर स्काइप पर विनय को वहां की स्थिति के बारे में बताती रहती थी।
स्काइप पर वीडियो कॉलिंग के दौरान खास बात यह हुआ करती थी कि स्कूल हो या कॉलेज, अनु के आसपास हमेशा कोई ना कोई हुआ करता था। इसलिए कॉलिंग के दौरान वो विनय की बातों का जवाब बोलकर नहीं बल्कि साइन लैंग्वेज में दिया करती थी। आप समझ ही सकते हैं कि इश्क का सुरूर आपसे वाकई कुछ भी करवा सकता है।
फिर लिया वो बड़ा फैसला
अनु और विनय को समझ आने लगा था कि अनु के घरवाले तो उन्हें कभी एक नहीं होने देंगे। इसलिए उन्होनें भाग कर शादी करने का फैसला किया। अपने दोस्तों और भाइयों के साथ मिलकर विनय ने पूरा प्लान बनाया और अनु के गाँव निकलने की ठानी। विनय के माता-पिता उसके साथ थे। परंतु जब विनय अनु के गाँव के लिए निकला तो उसकी माँ की आँखों में आंसू थे। क्योंकि उनका बेटा ऐसी जंग पर जा रहा था। जहां से जिंदा लौटकर आने को कोई गारंटी नहीं थी।
हम हुए तुम्हारे
12 मई 2015 को विनय अपने कुछ दोस्तों और भाई के साथ दिल्ली आया और अपना सबकुछ पीछे छोड़कर अनु एक नई जिंदगी की शुरुआत के लिए विनय के साथ हो ली। विनय ने स्कूल से ही अनु को अपने साथ लिया और दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। कोर्ट मैरिज के बाद दोनों फेरे व अन्य रस्मों के लिए मंदिर आ गए।
इंदौर आई दुल्हन
अपने ख्यालों से बाहर आकर अनु और विनय इंदौर आने के लिए एयरपोर्ट गए। एयरपोर्ट से उन्होनें अनु के घर वालों को भी सारी सच्चाई बता दी। इंदौर लौटने पर विनय की कंपनी के सदस्यों (विनय अब तक एक स्टार्टअप एस्टब्लिश कर चुका है) ने अनु का जमकर स्वागत किया। विनय के माता-पिता ने भी अनु को खुली बाहों से स्वीकार कर लिया।
बेटी, तुम घर आ जाओ, हम खुद तुम्हारी शादी करेंगे
सच्चाई जानकर पहले तो अनु के घरवाले बहुत भड़के। मगर फिर अनु के पिता और चाचा कई फोन लगाकर इनके रिश्ते को अपनाने और इनकी शादी करने की बात कहने लगे। मगर अनु और विनय के मन में एक डर था कि यह इन्हें अलग करने की साजिश तो नहीं। दोनों को जुदाई का डर सताने लगा और ये किसी भी कीमत पर एक-दूसरे से जुदा नहीं होना चाहते थे। घर से बार-बार कॉल आने के बाद अनु और विनय का दिल पिघल गया। इन्होनें निश्चय किया कि वो हरियाणा जरूर जाएंगे। उसके बाद जो भी होगा देखा जाएगा।
अनु-विनय की कहानी ने लिया नया मोड़
डरते-डरते 24 मई 2015 के दिन अनु और विनय, अनु के घर पहुंचे। मगर इनके सारे डर को धुआँ करते हुए अनु के परिवार वालों ने इन्हें वाकई अपना लिया। फिर 26 मई 2015 को अनु-विनय ने फिर परिवार वालों की रजामंदी के साथ शादी की। इस बार हाथ थामते वक्त दिल में कोई सवाल नहीं था, बस सभी के चेहरे पर प्यारी सी मुस्कान थी।
'हैप्पी एंडिंग!'
हो सकता है यह कहानी आपको किसी फ़िल्मी कहानी की तरह लगी हो। आपको यह हैप्पी एंडिंग कुछ बनावटी भी लग सकती है। आपको यह भी लग सकता है कि आखिर ये कहानी है किसकी? तो चलिए हम आपको बताते हैं।यह असली प्रेम कहानी है - WittyFeed के सीईओ विनय सिंघल और उनकी प्यारी वाइफ अनन्या सिंघल की। 26 मई यानि आज वाकई इनकी शादी की दूसरी सालगिरह है।
हमारी तरफ से इस 'क्यूट कपल' को ढेर सारी शुभकामनाएं और प्यार। आप भी इन्हें अपनी दुआएं जरूर भेजिएगा।