बचाओ, मुझे मेरा पति पीट रहा है…
कृपया मुझे अस्पताल पहुंचाने में मेरी मदद करो, वो दरिन्दे मेरे साथ बलात्कार कर मुझे यहां फेंक गए...
माँ आज पीरियड्स को लेकर उसने स्कूल में फिर मज़ाक उड़ाया... कितनी दफा ऐसी बातें सुनी हैं हम सभी ने?
ये देखने में सिर्फ चंद शब्द हैं, लेकिन इस आधुनिक ज़माने की मानसिकता पर कई प्रश्न उठाते हैं ये चंद शब्द।
ईक्कीसवीं सदी और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस... और सोच ऐसी? कैसी प्रगति कर हैं हम?
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (International Women's Day) केवल भाषण देकर या फ़ोन पर कल्पना चावला और इंदिरा गाँधी की तस्वीर लगाने से पूरा नहीं होता। प्रियंका चोपड़ा हो या फिर साईना नेहवाल, इस देश के कुछ लोगों को उनकी मेहनत नहीं, अपितु उनके कपड़े दिखते हैं। ऐसा क्यों सोचा जाता है कि इनकी सफलता का कारण इनकी मेहनत नहीं, अपितु इनके छोटे कपड़े हैं।
कैसी मानसिकता लेकर हम आगे बढ़ने की बात कर रहे हैं? कैसा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस? क्या यही मानसिकता हम आगे आने वाली पीढ़ी को देंगे? ये छोटे सवाल नहीं है, इन पर बेहद गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।
जब तक सोच में ही संकीर्णता रहेगी, तब तक महिला दिवस मनाने का कोई अर्थ नहीं। हाल ही में मात्र 14 भारतीय महिलाएं एक यात्रियों से भरे विमान को सात समुन्दर पार तक ले गईं और वापस भी ले आईं, और हम अभी तक अपनी सोच के दायरे से बाहर नहीं आ पा रहे हैं।
प्रकृति की जन्मदाता है औरत
सबसे पहला प्रश्न आज यह है कि औरत कौन है, क्या है? घर का चूल्हा चौका करने वाली! तो इसका जवाब है, नहीं... औरत वो है जिसकी गोद से पूरी प्रकृति जन्मी। जिसकी गोद से भगवान राम, कृष्ण और हनुमान ने जन्म लिया।
महिलाएं कंपनी की मालिक भी हैं और गृह लक्ष्मी भी
किसी कंपनी की सीईओ हो या अपना घर चलाने वाली औरत, क्या फर्क है दोनों में? अरे! आप सोच में क्यों पड़ गये? कोई फर्क नहीं है इन दोनों में.. दोनों अपना काम कड़ी मेहनत और लगन से करती हैं, बस जगह अलग अलग है।
हमारे देश में विकास के नाम पर बड़े-बड़े कार्य हो रहे हैं। ऊँची इमारतों का निर्माण,104 सैटेलाइट का एक साथ लॉन्च, लम्बे ब्रिजों का निर्माण। लेकिन सबसे ज़रूरी कार्य तो हो ही नहीं रहा... सोच का विकास, मानसिकता का विकास।
औरतों का प्रवेश क्यों वर्जित है?
मंदिर के बाहर खड़ी औरत को इसलिए मंदिर में नहीं जाने दिया जाता क्योंकि वो माहवारी से पीड़ित है। अरे! ये भी तो सोचो न, कि मंदिर में जिसकी पूजा आप कृष्ण और राम के साथ करते हैं, क्या वो औरत नहीं? कमाल की सोच है आपकी।
क्या औरतें पार्टी नहीं कर सकतीं?
सब एक दूसरे को समझाते हैं कि ज़माने के साथ आगे बढ़ना सीखो... फिर हाथ में सिगरेट लिए दोस्तों के साथ ठहाके लगाता लड़का कूल और हैंडसम.... और सिगरेट हाथ में लिए छोटी ड्रेस पहनकर सड़क पर चलती लड़की चरित्रहीन। ऐसा क्यों?
अक्सर शुरू से ही मेरे पिता ने मुझे किसी भी रात में होने वाली पार्टी में जाने से रोका.. कहा करते थे, ज़माना खराब है, भेजने से डर लगता है। ऐसे और भी कितने ही पिता हैं। लेकिन सवाल ये है कि गलत नियत वाले लड़के पार्टी में मस्ती करें और लडकियां घर में कैद.. क्या मैं पूछ सकती हूँ, क्यों?
क्या आपके पास हैं इन सवालों के जवाब?
एक 8 साल की बच्ची का भी बलात्कार हुआ, तो लोगों ने कहा, ये तो होना ही था, माँ-बाप कपड़े ही ऐसे पहनाते थे। वाह! क्या मानसिकता है। क्या मैं जान सकती हूँ कि रेप से बचने वाले कपड़े कैसे होते हैं? जिन्हें पहनकर रेप न होने की गारंटी मिल जाती है?
वैसे आप भी मेरी बात से सहमत होंगे कि इक्कीसवीं सदी से बहुत आगे था सतयुग, जहां औरत को सबसे ऊंचा दर्जा प्राप्त था। जहां भगवान् के नाम के आगे स्त्रियों का नाम जुड़ता था, जैसे "सियाराम", "राधेकृष्ण"... लेकिन इस मॉडर्न ज़माने में औरत को मर्दों से बेहद पिछड़ा हुआ समझा जाता है। क्या आपके हिसाब से ये सही है?
महिलाओं के प्रति संकीर्ण सोच लेकर नहीं हो सकता देश का विकास
यहाँ और भी इसी तरह के कई सवाल हैं, जिनको लेकर बेहद गंभीरता से सोचने की ज़रुरत है। समाज की मानसिकता पर गहरी चोट करते हैं ये प्रश्न। समाज से शहर और शहर से देश बनता है। जब समाज में रहने वालों की मानसिकता ही प्रगति नहीं करेगी, तो देश की प्रगति का ढिंढोरा पीटने से क्या लाभ?
हर इंडस्ट्री और हर पद पर मौजूद हैं महिलाएं
इस देश में हर युग में, हर कदम पर स्त्रियों ने खुद को साबित किया है। बॉलीवुड की प्रियंका चोपड़ा, राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, अन्तरिक्ष में पहुंची सुनीता विलियम्स, आईपीएस ऑफिसर किरण बेदी, स्कूल की टीचर, इसरो की वैज्ञानिक, एम्स की डॉक्टर। महिलाएं हर जगह बखूबी अपना कार्य कर रही हैं। फिर हमारी सोच कब तक इतनी संकीर्ण रहेगी?
क्या आपके भी यही सवाल हैं?
कब तक महिलाओं को अपनी सफलता का प्रमाण देना होगा?
कब हम समाज में स्त्रियों को बराबर का दर्जा देंगे?
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (International Women's Day) पर सबसे पहले हमें मानसिकता का विकास करने की ज़रुरत है, सबसे पहले अपनी सोच बदलिए.. देश अपने आप बदल जाएगा। या फिर आप अब भी इसी सोच के साथ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाएंगे?
निर्णय आपको ही करना है।









No comments:
Post a Comment